यूरिक एसिड का इलाज (Uric acid Ka Ilaj)
रात के तीन बजे अचानक नींद टूटती है। पैर के अंगूठे में ऐसा दर्द होता है जैसे किसी ने उसमें आग लगा दी हो। चादर का हल्का सा वज़न भी बर्दाश्त नहीं होता। अगली सुबह रिपोर्ट आती है: यूरिक एसिड बढ़ा हुआ है।
ज़्यादातर लोग इसे “डाइट की गड़बड़ी” समझकर भूल जाते हैं, जब तक अगला अटैक न आ जाए। पर समय पर इलाज न किआ जाये, तो यह जोड़ों को स्थायी नुकसान तक पहुंचा सकता है।
इस लेख में हम समझेंगे: यूरिक एसिड बनता कैसे है, बढ़ने के असली कारण, लक्षण और जांच से लेकर सही इलाज तक, और सबसे ज़रूरी, कब यह सिर्फ रिपोर्ट का मामला नहीं रहता और डॉक्टर से सलाह लेना ज़रूरी हो जाता है।
Book a Consultation with Dr. Ramkinkar Jha, Leading Orthopaedic Surgeon in Gurgaon
यूरिक एसिड क्या है? (Uric acid Kya hai)
यूरिक एसिड हमारे शरीर में रोज़ बनने वाला एक वेस्ट प्रोडक्ट है। हमारे शरीर की हर कोशिका में प्यूरीन (purine) नाम का एक प्राकृतिक पदार्थ होता है, जो DNA का एक ज़रूरी हिस्सा है। पुरानी कोशिकाएं टूटने पर प्यूरीन भी टूटता है और इससे यूरिक एसिड बनता है। यह खून के जरिए किडनी तक पहुंचता है और पेशाब के रास्ते शरीर से बाहर निकल जाता है।
दिक्कत तब शुरू होती है जब शरीर यूरिक एसिड ज़्यादा बनाने लगे या किडनी उसे ठीक से बाहर न निकाल पाए। स्तर धीरे-धीरे बढ़ता है, जिसे हाइपरयूरिसीमिया (Hyperuricemia) कहते हैं। यूरिक एसिड लंबे समय तक बढ़ा रहे, तो नुकीले क्रिस्टल बनकर जोड़ों में जमा हो सकते हैं, जिससे सूजन, लालिमा और तेज़ दर्द होता है। इसे गाउट कहते हैं, गठिया का एक प्रकार। अटैक अक्सर पैर के अंगूठे से शुरू होता है और कुछ दिनों में शांत हो जाता है, इसलिए इसे नज़रअंदाज़ करना आसान है। पर यूरिक एसिड कम न हो, तो अटैक बार-बार लौट सकते हैं और दूसरे जोड़ों तक फैल सकते हैं।

यूरिक एसिड की नॉर्मल रेंज कितनी होती है? (Uric Acid Normal Range)
यूरिक एसिड की सामान्य रेंज पुरुषों और महिलाओं में अलग होती है:
- पुरुष: लगभग 3.5 से 7 mg/dL
- महिलाएं: लगभग 2.5 से 6 mg/dL
महिलाओं में स्तर कम रहने की वजह एस्ट्रोजन है, जो इसे बाहर निकालने में मदद करता है। मेनोपॉज़ के बाद एस्ट्रोजन घटने से यूरिक एसिड बढ़ सकता है।
“हाइपरयूरिसीमिया का मतलब हमेशा गाउट नहीं होता,” डॉ. रामकिंकर झा, Director, Department of Orthopaedics, CK Birla Hospital, Gurugram, 20+ वर्षों के अनुभव के साथ, कहते हैं, “लेकिन डॉक्टर से सलाह लेकर यह पता लगाना ज़रूरी है कि स्तर क्यों बढ़ा है और इसे कंट्रोल करने के लिए क्या करना चाहिए।”
यूरिक एसिड बढ़ने के कारण (High Uric Acid Causes)
यूरिक एसिड इसलिए बढ़ता है क्योंकि या तो किडनी उसे पूरा निकाल नहीं पाती (लगभग 90% मरीजों में), या शरीर उसे ज़्यादा बना देता है (लगभग 10% में)। इसके पीछे खानपान के साथ सेहत और आदतों का भी हाथ हो सकता है।
- खानपान: रेड मीट, सीफूड, शराब, कोल्ड ड्रिंक
- वज़न और पानी: मोटापा, कम पानी पीना
- बीमारियां: डायबिटीज़, हाई बीपी, किडनी-हार्ट की बीमारी
- जेनेटिक्स: परिवार में किसी को गाउट रहा हो
- दवाएं: डाइयूरेटिक (पेशाब बढ़ाने वाली दवा) यूरिक एसिड बढ़ा सकती हैं। हालांकि, ये BP या दिल की बीमारी के लिए ज़रूरी हो सकती हैं, इसलिए इन्हें खुद से बंदकरने से पहले डॉक्टर की सलाह लें।
इन कारणों से यूरिक एसिड का स्तर धीरे-धीरे बढ़ता है और लक्षण दिखने लगते हैं |
यूरिक एसिड के लक्षण (High Uric Acid Symptoms)
शुरुआत में यूरिक एसिड अक्सर बिना किसी लक्षण के बढ़ता रहता है। फिर अचानक, अक्सर रात में, तेज़ दर्द शुरू होता है, सबसे पहले पैर के अंगूठे में, क्योंकि यह शरीर के बाकी हिस्सों से ठंडा रहता है जहां क्रिस्टल जल्दी बनते हैं। घुटने, कलाई, कोहनी और उंगलियां भी प्रभावित हो सकती हैं।
- तेज़ दर्द: अचानक शुरू होता है, पहले कुछ घंटों में सबसे ज़्यादा
- सूजन-लालिमा: जोड़ गर्म हो जाता है, छूने पर दर्द
- अकड़न: जोड़ हिलाना मुश्किल
- बाद की तकलीफ: कुछ दिनों से हफ्तों तक हल्का दर्द रह सकता है
सांवली त्वचा पर लालिमा कम दिख सकती है, इसलिए गर्माहट और छूने पर दर्द पर ध्यान देना चाहिए|
यूरिक एसिड की जांच कैसे होती है? (High Uric Acid Diagnosis)
यूरिक एसिड का लेवल एक साधारण ब्लड टेस्ट (serum uric acid test) से पता चलता है। पर सिर्फ एक नंबर पूरी कहानी नहीं बताता; डॉक्टर यह भी देखते हैं कि यह क्यों बढ़ा और शरीर पर इसका क्या असर पड़ा।
यूरिन टेस्ट
24 घंटे का पेशाब डिब्बे में इकट्ठा कर लैब में जांचा जाता है।
- क्या पता चलता है: शरीर रोज़ कितना यूरिक एसिड बाहर निकाल रहा है।
- खून में ज़्यादा, पेशाब में कम: किडनी इसे ठीक से बाहर नहीं निकाल पा रही।
- दोनों में ज़्यादा: शरीर ज़रूरत से ज़्यादा यूरिक एसिड बना रहा है।
जोड़ की जांच
जोड़ में दर्द या सूजन हो, तो एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड या जोड़ के तरल की जांच हो सकती है।
बीपी, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की जांच
हाई यूरिक एसिड अक्सर हाई बीपी, डायबिटीज़ और बढ़े कोलेस्ट्रॉल के साथ पाया जाता है, इसलिए डॉक्टर इनकी भी जांच कर सकते हैं।
रिपोर्ट में लेवल हाई आना घबराने की बात नहीं है; इसे समझकर सही समय पर अगला कदम उठाना ज़रूरी है।
यूरिक एसिड का इलाज (High Uric acid Treatment)
यूरिक एसिड का इलाज असल में दो अलग-अलग लड़ाई है: एक अटैक के दर्द से राहत की, दूसरी यूरिक एसिड लेवल को काबू में रखने की।
अटैक के दौरान (Acute Gout Flare)
जोड़ में अचानक दर्द और सूजन शुरू हो, तो मकसद जल्दी राहत देना होता है:
- NSAIDs (जैसे नेप्रोक्सन): दर्द और सूजन घटाती हैं।
- कोल्चिसिन: गाउट की खास दवा।
- स्टेरॉयड: NSAIDs या कोल्चिसिन न ले पाएं तो टैबलेट या जोड़ में इंजेक्शन।
दर्द शुरू होने के 24 घंटे के भीतर दवा लेना सबसे कारगर है। ये दवाएं अटैक शांत करती हैं, पर यूरिक एसिड की समस्या खत्म नहीं करतीं।
लंबे समय के लिए (Urate-Lowering Therapy)
यह इलाज आमतौर पर तब शुरू होता है जब:
- साल में 2 या ज़्यादा अटैक आएं
- जोड़ों में यूरिक एसिड की गांठें बनें
- यूरिक एसिड से किडनी स्टोन हुआ हो
- एक्स-रे में जोड़ को नुकसान दिखे
दो मुख्य दवाएं:
एलोप्यूरिनॉल
- पहली पसंद: सस्ती और असरदार।
- “स्टार्ट लो, गो स्लो” तरीके से शुरू होती है, यानी कम डोज़ से धीरे-धीरे बढ़ाई जाती है, ताकि गंभीर एलर्जिक रिएक्शन का खतरा कम रहे।
फेबुक्सोस्टैट
- एलोप्यूरिनॉल सूट न करे तो विकल्प।
- पहले से दिल की बीमारी हो तो डॉक्टर सावधानी से तय करते हैं।

“इलाज का लक्ष्य सिर्फ यूरिक एसिड कम करना नहीं, बल्कि इसे तय स्तर तक लाना है। इसे ‘ट्रीट टू टारगेट‘ कहते हैं। डोज़ रिपोर्ट के अनुसार तय होती है और इसे खुद से बंद नहीं करना चाहिए, वरना यूरिक एसिड फिर बढ़ सकता है और अटैक लौट सकते हैं।” डॉ. रामकिंकर झा, डायरेक्टर, ऑर्थोपेडिक्स, CK Birla Hospital, गुरुग्राम
Struggling with Joint Pain, Sports Injury, or Arthritis?
हाई यूरिक एसिड को नज़रअंदाज़ करने के नुकसान (High Uric Acid Risks)
बार-बार अटैक टालने से जोड़ों को स्थायी नुकसान, किडनी स्टोन और किडनी की बीमारी हो सकती है।
- जोड़ों में टोफी (गांठें): जोड़ विकृत हो सकता है
- किडनी स्टोन: संकेत हैं कमर दर्द और पेशाब में जलन
- क्रॉनिक किडनी डिज़ीज़: कमज़ोर किडनी पर ज़्यादा बोझ पड़ता है
- हृदय और मेटाबॉलिज़्म पर असर
- बार-बार अटैक
पहला अटैक अपने आप शांत हो सकता है, इसलिए लोग इलाज टाल देते हैं, पर नुकसान बढ़ता रह सकता है।
डॉक्टर से कब मिलें?
अगर साल में दो से ज़्यादा अटैक आएं, जोड़ों में गांठें हों या किडनी स्टोन बार-बार बने, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है:
- साल में 2+ बार गाउट अटैक
- जोड़ के पास सख्त गांठें (टोफी): क्रिस्टल जमा होने का संकेत
- दुसरे जोड़ो में दर्द: कलाई, उँगलियाँ
- पेशाब में जलन/खून: किडनी पर असर का संकेत
- रिपोर्ट बार-बार हाई आए
समय पर सही सलाह और इलाज शुरू करने से समस्या को बढ़ने से रोका जा सकता है।
निष्कर्ष
यूरिक एसिड सिर्फ एक ब्लड रिपोर्ट का नंबर नहीं है | यह बताता है कि शरीर अपने रोज़ के कचरे को कितनी अच्छी तरह संभाल पा रहा है। अगर यूरिक एसिड बार-बार बढ़े, गाउट के अटैक हों या किडनी स्टोन की समस्या हो, तो इसे नज़रअंदाज़ न करें। समय पर डॉक्टर से सलाह लेकर सही कारण और उचित इलाज आगे की परेशानियों को कम कर सकता है।
